Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पूर्णिया जिला इकाई की ओर से शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने हेतु “रन फॉर लोकतंत्र” का आयोजन किया गया। इस दौड़ में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और राष्ट्रहित में मतदान करने की शपथ ली। विभाग संयोजक नीतीश निक्कू ने कहा कि विद्यार्थी परिषद पूरे राज्य में मतदाता जागरूकता अभियान चला रही है ताकि हर नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाए।
प्रांत खेलो भारत सह-संयोजक डॉ. निखिल कुमार ने कहा कि मंगलवार को होने वाले मतदान में हर युवा को यह संकल्प लेना चाहिए कि “पहले मतदान, फिर जलपान”। वहीं, जिला संयोजक दीपक चौधरी और प्रिंस चौधरी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करें और बिहार में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज कराने में योगदान दें। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा छात्र-छात्राएं शामिल हुए और मतदान को उत्सव की तरह मनाने का संदेश दिया।



