PURNIA NEWS : बाढ़ का निरीक्षण करने पहुंचीं सीओ पीड़ितों ने कटी हुई सड़क की मरम्मती की की मांग

PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : रुपौली प्रखंड में पिछले लगभग एक पखवाड़ा से बाढ़ का पानी अपना कहर ढा रहा है, यद्यपि बाढ़ का पानी अभी धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे राहत बनी हुई है। वैसे रुपौली में 15 अगस्त से 15 सितंबर तक ही भयानक बाढ़ का रूप देखा जाता रहा है। अभी बाढ़ का उतार- चढ़ाव जारी है। यद्यपि कई जगहों पर संपर्क अभी भी भंग है तथा लोग परेशान हैं। इसी के तहत भौवा प्रबल पंचायत के अंझरी-टोपड़ा के बीच सड़क संपर्क भंग होने पर, ग्रामीणों द्वारा गुहार लगाई जाने पर, सीओ शिवानी सुरभि मौके पर बाढ़ का तथा सड़क का जायजा लेने पहुंचीं।वहां उन्होंने टूटी हुई सड़क का जायजा लिया तथा लोगों को आश्वासन दिया कि यह टूटी हुई सड़क बहुत जल्द बना दिया जाएगा, ताकि यातायात सामान्य हो सके ।

मौके पर सीओ शिवानी सुरभि ने बताया कि बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घट रहा है, अभी उतनी बड़ी समस्या नहीं है। पानी धीरे-धीरे नदी के गर्भ में उतरता चला जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां की सारी रिपोर्ट उन्होंने वरीय पदाधिकारी को भेज दिया है तथा कटी हुई सड़क के निर्माण की दिशा में तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी बाढ खतरनाक स्थिति में नहीं पहुंची है कि लोग इससे पीड़ित हों । वह लगातार इसकी निगरानी कर रही हैं ।जैसे ही बाढ़ भयावह रूप लेगा, वह राहत की प्रक्रिया शुरू कर देंगी। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य पति विनोद कुमार जायसवाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *