अररिया, प्रिंस कुमार: Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जिले की छह विधानसभा सीटों की मतगणना का कार्य शुक्रवार को बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल पर संपन्न हो गया। इस चुनाव परिणाम में जिले में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसके फलस्वरूप भाजपा और कांग्रेस को दो-दो सीटें मिलीं, जबकि एआईएमआईएम और राजद के खाते में एक-एक सीट आई।
विधानसभा सीट विजयी उम्मीदवार पार्टी प्राप्त मत निकटतम प्रतिद्वंद्वी- (पार्टी) जीत का अंतर
फारबिसगंज मनोज विश्वास कांग्रेस 1,20,114 विद्यासागर केसरी -(भाजपा) 221
अररिया आबिदुर्र रहमान कांग्रेस 91,527 शगुफ्ता अजीम -(जदयू) 12,741
नरपतगंज देवंती यादव भाजपा 1,20,557 मनीष यादव -(राजद) 25,353
सिकटी विजय कुमार मंडल भाजपा 1,11,342 हरि ना प्रामाणिक- (वीआईपी) 19,322
जोकीहाट मुर्शिद आलम एआईएमआईएम 83,737 मंजर आलम -(जदयू) 28,803
रानीगंज अविनाश मंगलम राजद 1,11,590 अचमित ऋषिदेव -(जदयू) 8,530
सीटों का विस्तृत विश्लेषण
1. फारबिसगंज: 40 साल बाद कांग्रेस की वापसी (जीत का अंतर: 221)
यह सीट भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुई। लगातार दो बार के विधायक रहे विद्यासागर केशरी (भाजपा) को कांग्रेस प्रत्याशी मनोज विश्वास से हार का सामना करना पड़ा। मनोज विश्वास ने महज 221 वोटों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए लगभग 40 साल बाद फारबिसगंज विधानसभा में कांग्रेस का झंडा बुलंद किया।
2. सिकटी: विजय कुमार मंडल ने लगाई जीत की हैट्रिक
भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार मंडल ने सिकटी सीट से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। उन्होंने 19,322 वोटों से वीआईपी प्रत्याशी हरि ना प्रामाणिक को पराजित किया। विजय कुमार मंडल छठी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
3. अररिया: आबिदुर्र रहमान की तीसरी जीत
अररिया सीट पर कांग्रेस के आबिदुर्र रहमान ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए लगातार तीसरी बार विजय प्राप्त की। उन्होंने जदयू की शगुफ्ता अजीम को 12,741 मतों से हराया।
4. जोकीहाट: AIMIM ने किया कब्जा
बहुकोणीय मुकाबले वाली इस सीट पर एआईएमआईएम उम्मीदवार मुर्शिद आलम ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जदयू के मंजर आलम को 28,803 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। यहां राजद के शाहनवाज आलम और जनसुराज के सरफराज आलम क्रमश: चौथे और तीसरे स्थान पर रहे।
5. नरपतगंज और रानीगंज
नरपतगंज सीट भाजपा के कब्जे में रही, जहां देवंती यादव ने राजद के मनीष यादव को 25,353 मतों से हराया।
रानीगंज सीट पर राजद प्रत्याशी अविनाश मंगलम ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने पिछले दो टर्म से विधायक रहे जदयू के अचमित ऋषिदेव को 8,530 वोटों से हराया।



