अररिया, प्रिंस कुमार: Araria News फारबिसगंज प्रखंड की अड़राहा पंचायत के वार्ड संख्या 05 में शनिवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद रविवार को नवनिर्वाचित विधायक मनोज विश्वास पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
तीन घर जलकर राख, लाखों का नुकसान
अग्निकांड की घटना शनिवार को अड़राहा पंचायत के वार्ड संख्या 05 में घटी, जहां दयानंद ऋषिदेव के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने परिवार के तीनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में घर में रखा कीमती सामान, फर्नीचर, जेवर, महत्वपूर्ण कागजात, और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद समेत करीब सात लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने की बात कही जा रही है। घटना के समय घर में मौजूद रीता देवी ने सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक परिवार का सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
विधायक ने दिया प्रशासनिक मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद, नवनिर्वाचित विधायक मनोज विश्वास रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक मनोज विश्वास ने मौके से ही प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात की और तत्काल राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें हर संभव सरकारी सहायता और आवश्यक मदद प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान विधायक के साथ पूर्व मुखिया अरुण यादव, पैक्स अध्यक्ष रंजन मंडल, सरपंच दिलीप यादव, मनोज मेहता सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।



