पूर्णिया : केनगर प्रखंड के सतगुदारिया पंचायत अंतर्गत कठौतिया गांव के रहने वाले राजेश ऋषि के आठ वर्षीय बेटे अमन को लंबे समय तक रह-रहकर आने वाले बुखार ने परेशान कर रखा था l निजी चिकित्सकों से इलाज के बावजूद जब बच्चा ठीक नहीं हुआ तो हरदा के एक विशेषज्ञ ने कालाजार की पुष्टि की और तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी; केनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जांच के बाद बच्चे को 108 एम्बुलेंस से पूर्णिया सदर अस्पताल रेफेर किया गया जहां आठ दिनों तक मुफ्त जांच-उपचार के बाद अमन पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटा l
इलाज के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थी राजेश ऋषि के बैंक खाते में प्रोत्साहन राशि भी ट्रांसफर की, जिससे परिवार में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ l जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. आरपी मंडल ने बताया कि लगातार बुखार, वजन घटना, पेट फूलना व कमजोरी जैसे लक्षण दिखते ही नजदीकी सरकारी अस्पताल में तुरंत जांच कराएं, क्योंकि समय पर इलाज से न सिर्फ जान बचाई जा सकती है बल्कि पूर्णिया जिला जल्द ही कालाजार मुक्त घोषित होने की दहलीज पर है।



