आग से 6 घर जले, लाखों का हुआ नुकसान

पूर्णिया, विमल किशोर  : बैसा शीशाबाड़ी पंचायत के दोहमनी गांव वार्ड-4 में सोमवार की रात आग लगने से दो परिवारों का छह घर जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे संतोष कुमार राय और दरोगी लाल राय के घरों से आग की लपटें उठनी शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास बने कुल आधा दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया आग की लपटें इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर सहित जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। जिसमे लाखों का नुकसान हो गया।

गांव में अचानक मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोग बाल्टी, हैंडपंप व अन्य साधनों से आग बुझाने गए, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसी दौरान ग्रामीणों ने घटना की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलते ही एआईएमआईएम युवा प्रदेश महासचिव हाजी नाहीद गनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अंचलाधिकारी गोपाल कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *