पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा बैठक, लापरवाह दो पंचायतों पर होगी कार्रवाई; उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सराहना

PURNIA NEWS : जिला पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में पूर्णिया जिला परिषद सभागार में पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में LAEO भवन प्रमंडल-01 पूर्णिया एवं प्रमंडल-02 बनमनखी के कार्यपालक अभियंताओं, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों, तथा उन 27 ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायकों ने भाग लिया जिनके यहां भवन निर्माण कार्य ग्राम पंचायतों द्वारा कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने सभी पंचायतों के निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। शहीदगंज और चांपी पंचायतों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने पर संबंधित मुखियाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

वहीं धूसर टीकापट्टी, चनका, कुकरौन पश्चिम, झुन्नी इस्तम्बरार और काझा पंचायतों द्वारा त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने पर उनके मुखियाओं की सराहना की गई और अन्य पंचायतों को उनसे प्रेरणा लेते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने को कहा गया। बैठक में सभी जिम्मेदारों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और यदि कोई समस्या आए तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराया जा सके। साथ ही सहायक अभियंताओं को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्य मापी तैयार कर शीघ्र जिला पंचायत कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया, जिससे भुगतान की प्रक्रिया तेज की जा सके। अगली बैठक में सभी संबंधितों को प्रगति प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *