जीएमसीएच पूर्णिया की बदहाली पर सांसद पप्पू यादव का केन्द्र सरकार को पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं में लगे संकट पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग

PURNIA NEWS : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव ने जीएमसीएच पूर्णिया की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने बताया कि सीमांचल क्षेत्र के करोड़ों लोगों के लिए जीवनरेखा माने जाने वाले इस मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की भारी कमी, रुके हुए निर्माण कार्य, फंड की अनुपलब्धता और NCC कंपनी द्वारा लिफ्ट व वार्ड बंद किए जाने से अस्पताल का संचालन लगभग ठप हो चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि यह मुद्दा वह पहले ही लोकसभा में नियम 377 के तहत उठा चुके हैं, क्योंकि अस्पताल मात्र 40 डॉक्टरों के सहारे चल रहा है जबकि जरूरत 200 की है, और 500 में से केवल 300 बेड उपलब्ध होने से गंभीर मरीज लगातार खतरे में हैं।

पप्पू यादव ने ICU, OT, SNCU और ट्रॉमा यूनिट जैसे महत्वपूर्ण विभाग वर्षों से अधर में अटके होने को स्वास्थ्य सुरक्षा पर सीधा हमला बताते हुए कंपनी की भूमिका पर सख्त कार्रवाई, रुके फंड की जल्द रिहाई, अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती और बंद पड़ी सुविधाओं को तुरंत खोलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र ने जल्द कदम नहीं उठाए तो हजारों मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है और सरकार को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता से हल करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *