फारबिसगंज विधायक का सख्त रुख—अस्पताल से प्रखंड कार्यालय तक किया औचक निरीक्षण, मनमानी और घूसखोरी पर लगाई सीधी रोक।

अररिया, सुमन ठाकुर: शपथ ग्रहण के तुरंत बाद फारबिसगंज लौटे नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक इलाके में प्रशासनिक सुधार को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। देर रात पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर की कई खामियों और अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराज़गी जताई तथा मौके पर मौजूद चिकित्सकों व कर्मियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अगले दिन विधायक सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचे और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि कार्य में देरी, मनमानी और घूसखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि “जनता का काम समय पर, बिना दौड़-भाग और बिना किसी दबाव के होना चाहिए।” भूमि म्यूटेशन, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सेवाओं में लंबे समय से चली आ रही मनमानी पर उन्होंने तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया। साथ ही स्पष्ट कहा कि अब अनावश्यक पैसा मांगने वालों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई होगी। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि “जनता को परेशान करने की आदत रखने वाले कर्मचारी अपनी कार्यशैली सुधार लें। चलना उसी को है जो ईमानदारी से काम करेगा। यदि कोई भी कर्मचारी आम जनता से पैसे की मांग करे, मुझे तुरंत सूचित करें। जनता की सुरक्षा और अधिकार मेरी जिम्मेदारी है।”

निरीक्षण के क्रम में वे अनुमंडल व्यवहार न्यायालय भी पहुंचे, जहां अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया और न्यायिक व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। फारबिसगंज में विधायक की इस सक्रियता और सख्त रुख को लेकर स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *