अररिया, प्रिंस कुमार: आईएएस विनोद दूहन ने आज विधिवत रूप से अररिया के नए जिला पदाधिकारी (DM) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्हें उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी अररिया, रोजी कुमारी द्वारा प्रभार सौंपा गया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी का पुष्प-गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला कोषागार पदाधिकारी, सहायक कोषांग पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी (DPRO), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रभार लेने के क्रम में, नव पदस्थापित जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिले की प्राथमिकताओं, वर्तमान में चल रही विकासात्मक योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की संक्षिप्त जानकारी ली।
उन्होंने सभी उपस्थित पदाधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। नए जिलाधिकारी ने जिले में सुशासन, पारदर्शिता और सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देने की बात कही।



