पूर्णिया, आनंद यादुका : मीरगंज क्षेत्र के वर्मा कॉलोनी शरणार्थी टोला में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का रविवार को विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर उज्जैन से पधारे संत श्री श्री 108 गोविंद दास जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन एवं पूर्णाहुति कराई गई। हवन के पश्चात कथा का भावपूर्ण समापन हुआ ।कथा के अंतिम दिन संत श्री ने भागवत के मूल संदेश—भक्ति, सेवा, सदाचार और मानवता—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जीवन को सत्कर्मों की ओर प्रेरित करती है और समाज में प्रेम व समरसता का भाव जगाती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती हैं।
समापन समारोह में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह भी पहुंचीं। उन्होंने संत श्री का आशीर्वाद लिया और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा देते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। मंत्री ने क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना भी की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिनों तक चली कथा में रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र सहित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। समापन के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



