PURNIA NEWS : पूर्णिया में सोमवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। डीएम ने शिक्षा, आवास, निर्वाचन, नगर निगम, खेल, कला-संस्कृति, मानवाधिकार, लोक सेवाओं का अधिकार सहित कई विभागों के लंबित मामलों और उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।
शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात डीएसपी को निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सख्ती से लागू कराने का आदेश दिया गया, वहीं नगर आयुक्त को सड़क किनारे फल-सब्जी दुकानों को तय स्थानों पर शिफ्ट कराने और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि मुख्यालय से प्राप्त महत्वपूर्ण पत्रों और न्यायालय से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।



