केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अवर सचिव ने किया पर्यवेक्षण गृह पूर्णिया का निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

PURNIA NEWS : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अवर सचिव लक्ष्मी चंद ने शनिवार को पर्यवेक्षण गृह, पूर्णिया का निरीक्षण किया, जहां जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक अमरेश कुमार ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि गृह में पूर्णिया और कटिहार जिले के कुल 92 बच्चे आवासित हैं। अवर सचिव ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही आवासन, भोजन, वस्त्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला-संस्कृति, कंप्यूटर शिक्षा और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे संतोषजनक बताया। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था का भी जायजा लिया, जो मानकों के अनुरूप पाई गई।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि गृह में प्रतिनियुक्त शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है तथा मैट्रिक-इंटरमीडिएट के बच्चों के लिए अलग व्यवस्था है, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सक, एएनएम और लैब टेक्नीशियन की तैनाती की गई है। अवर सचिव ने उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला स्तर के वरीय अधिकारियों द्वारा हो रही नियमित जांच पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए तथा परिसर स्थित बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय का भी निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *