बिरौली बाजार की आभूषण दुकान में दुस्साहसिक चोरी, लाखों के गहने उड़ाए; सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए चोर

PURNIA NEWS, अभय कुमार सिंह : रूपौली थाना क्षेत्र के बिरौली बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में सोमवार की रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार वीरेंद्र कुमार सोनी के अनुसार, वह सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे, जबकि मंगलवार सुबह लगभग छह बजे उनके भतीजे विवेक कुमार सोनू ने फोन कर दुकान में चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि चोर पिछवाड़े के रास्ते आए, छत पर चढ़कर सीढ़ी के ऊपर लगे एस्बेस्टस को हटाया और दुकान के भीतर प्रवेश कर गए। चोरों ने दुकान में रखे लॉकर को खोलकर उसमें मौजूद सभी गहने निकाल लिए, वहीं रैक में सजे सोने-चांदी के आभूषण भी समेट ले गए।

चोरी के सबूत मिटाने के उद्देश्य से निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी खोलकर ले जाया गया। पीड़ित ने बताया कि चोरी गए गहनों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े सत्रह लाख रुपये है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया, हालांकि टीम को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने दुकान और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसडीपीओ धमदाहा संदीप कुमार गोल्डी ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *