फुलवरिया हाट में अतिक्रमण पर प्रशासन का डंडा, एसडीओ के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

अररिया, प्रिंस कुमार : फारबिसगंज शहर के फुलवरिया हाट में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन ने हाट परिसर का अचानक निरीक्षण कर अवैध टीन शेड, सड़क पर लगी दुकानों और संकरे होते रास्तों का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आया कि हाट का लगभग 15 फीट चौड़ा रास्ता कई जगहों पर सिमटकर मात्र 2 से 3 फीट रह गया है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी खतरा बना हुआ है।

मौके पर पक्की दुकानदारों और गुदरी ठेकेदारों ने एसडीओ को बताया कि अतिक्रमण के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, वहीं यह भी शिकायत मिली कि कुछ लोगों ने नगर परिषद से मिली दुकानों को किराए पर देकर खुद सड़क पर दुकानें सजा रखी हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने नगर परिषद को अवैध निर्माणों की सूची तैयार कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि हाट की मूल संरचना से कोई समझौता नहीं होगा तथा वैध दुकानदारों के हितों की रक्षा करते हुए चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *