पूर्णिया : राष्ट्रीय खाद्य तेल–तिलहन मिशन (कृषोन्नति योजना) के अंतर्गत 19 दिसंबर 2025 को संयुक्त कृषि भवन पूर्णिया के सभागार में राई–सरसों की वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन विषय पर दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संयुक्त निदेशक (शष्य) पूर्णिया प्रमंडल, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक (शष्य) प्रक्षेत्र, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय पूर्णिया के पौधा संरक्षण एवं शष्य वैज्ञानिक, कृषि समन्वयक तथा विभिन्न प्रखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
जिला कृषि पदाधिकारी श्री हरिद्वार प्रसाद चौरसिया ने बताया कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य देश को खाद्य तेलों में आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके लिए तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार, उत्पादकता वृद्धि और किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सरकार की अनुदान योजनाओं, बीज वितरण, तकनीकी सहायता के साथ-साथ उन्नत खेती तकनीक, उन्नत बीजों का उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और आधुनिक कृषि यंत्रों की उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी गई।



