आईसीडीएस पूर्णिया के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया गया अन्नप्राशन दिवस, शिशुओं को मिला पहला ठोस आहार

पूर्णिया : आईसीडीएस, पूर्णिया द्वारा विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में शुक्रवार को जिले के सभी बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक माह की 19वीं तारीख को अन्नप्राशन दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत धात्री माताओं के छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं को पहली बार ठोस आहार ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को माँ के दूध के साथ-साथ चावल की खीर, दाल सहित अन्य पूरक आहार खिलाया गया तथा लाभार्थियों को कटोरी और चम्मच उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, पदाधिकारियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से माताओं को पोषण, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई।

साथ ही पोषण युक्त भोज्य पदार्थों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। अन्नप्राशन दिवस का मुख्य उद्देश्य शिशुओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना, कुपोषण की रोकथाम करना और माँ-बच्चे के पोषण संबंध को सुदृढ़ बनाना बताया गया, ताकि बच्चों को सही उम्र में सही पोषण मिल सके और उनका स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *