पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ शुक्रवार को छात्र राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने एक जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। इस धरने का नेतृत्व छात्र राजद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने किया, जहां छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह का पुतला फूंका।
छात्रों ने विश्वविद्यालय में हो रही धांधली और लापरवाही के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए, खासकर यूजी और पीजी के परिणामों में गड़बड़ी को लेकर। उन्होंने छात्रों को गलत तरीके से फेल और प्रमोट किए जाने की शिकायत की और विश्वविद्यालय द्वारा किए गए आश्वासनों को लेकर प्रशासन की निंदा की।
इसके साथ ही, छात्रवृत्ति वेरिफिकेशन में देरी, रजिस्ट्रेशन समस्याएं, और परीक्षा शुल्क में अवैध वसूली को लेकर भी आंदोलन किया गया। छात्रों ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी, और कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे और भी व्यापक प्रदर्शन करेंगे।



