धमदाहा में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम, मंत्री लेसी सिंह ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान

पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा प्रखंड के बिशनपुर में शनिवार को ‘सरकार आपके द्वार, प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें धमदाहा विधायक और बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। उनके साथ पूर्णिया के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मंत्री लेसी सिंह और अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के बाद स्कूली छात्राओं ने सामूहिक गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत किया। इस आयोजन में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 38 अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए।

प्रशासन ने बताया कि इन सभी आवेदनों का समाधान एक सप्ताह के भीतर अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से किया जाएगा। मंत्री लेसी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाना है, और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों से प्रशासन अब सीधे गांवों तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह था और उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *