अररिया,प्रिंस कुमार : आज शनिवार को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के निर्देशानुसार, अररिया में ‘100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान-2025’ के तहत एक विशेष जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम गोड़ी टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र (कोड संख्या–316) में जिला प्रशासन और जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के प्रतिनिधियों और महिला पर्यवेक्षकों ने इन सामाजिक कुरीतियों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिलाओं को संकट के समय उपलब्ध सरकारी सेवाओं जैसे महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर और DHEW की सहायता के बारे में बताया गया। इसके बाद, सभी उपस्थित महिलाओं, किशोरियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं ने बाल विवाह मुक्त और समानता आधारित समाज बनाने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना और सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन करना था, जिससे समाज में बदलाव और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकें।



