युवा जदयू का सदस्यता नवीनीकरण अभियान शुरू, मंत्री लेशी सिंह ने संगठन को मजबूत करने का दिया मंत्र

पूर्णिया : बिहार प्रदेश युवा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष श्री नीतीश पटेल के निर्देशानुसार पूर्णिया में वर्ष 2025 से 2028 के लिए सदस्यता नवीनीकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम बिहार सरकार की माननीय मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के पूर्णिया स्थित आवासीय कार्यालय पर युवा जदयू जिला अध्यक्ष राजू कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें मंत्री लेशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन युवा जदयू नेता रविन्द्र मार्कण्डे ने किया। शुरुआत में युवा जदयू जिलाध्यक्ष राजू कुमार मंडल ने मंत्री लेशी सिंह सहित जदयू जिलाध्यक्ष श्री प्रकाश सिंह पटेल, युवा जदयू प्रदेश महासचिव सह पूर्णिया जिला प्रभारी श्री रुपेश कुमार गुलटेन और जदयू बिहार प्रदेश महासचिव श्री आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में युवा जदयू के जिला पदाधिकारी, सभी प्रखंड अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्हें एक-एक कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि जनता दल (यू) आज राज्य की सबसे बड़ी और भरोसेमंद पार्टी है, जिस पर जनता ने बार-बार विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं और युवा जदयू पार्टी की एक मजबूत एवं महत्वपूर्ण इकाई है। मंत्री ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि ऊर्जावान युवाओं के शामिल होने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और सदस्यता अभियान में मिले लक्ष्य से भी अधिक सदस्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं युवा जदयू प्रदेश महासचिव सह पूर्णिया प्रभारी रुपेश कुमार गुलटेन ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे बिहार में 10 लाख तथा पूर्णिया जिले में 25 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे समय पर पूरा किया जाएगा। जदयू जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह पटेल ने कहा कि पूर्णिया में युवा जदयू संगठन पहले से ही सक्रिय है और अब सातों विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं को जोड़कर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। वहीं प्रदेश महासचिव आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों, नीतियों और सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा तथा महिलाओं, युवाओं और सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में युवा जदयू जिलाध्यक्ष राजू कुमार मंडल ने भरोसा दिलाया कि पूर्णिया जिला सदस्यता लक्ष्य से आगे बढ़कर संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक और सशक्त बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *