शहीदगंज पंचायत के भुरकुंडा में भव्य दो दिवसीय वार्षिक शिवचर्चा का आयोजन

पूर्णिया, आनंद यादुका: शहीदगंज पंचायत अंतर्गत भुरकुंडा गांव में वार्षिक दो दिवसीय शिवचर्चा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम का सफल आयोजन समाजसेवी मोती प्रसाद सिंह के द्वारा किया गया। इस शिवचर्चा की शुरुआत वर्ष 1999 में मोती प्रसाद सिंह के बड़े भाई, स्वर्गीय अम्बिका प्रसाद सिंह द्वारा की गई थी। स्वर्गीय अम्बिका प्रसाद सिंह अपने गांव के पहले शिव शिष्य थे, जिनकी प्रेरणा से यह आयोजन प्रारंभ हुआ और तब से यह परंपरा निरंतर जारी है। यह शिवचर्चा प्रत्येक वर्ष दिसंबर माह में दो दिवसीय रूप में आयोजित की जाती है।

इस वर्ष आयोजित शिवचर्चा में देश-प्रदेश से आए कई प्रख्यात कथा वाचकों ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। साथ ही अनेक भजन गायकों ने शिव भक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की शोभा उस समय और बढ़ गई जब रुपौली विधायक सह जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष कलाधर प्रसाद मंडल विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने न केवल शिवचर्चा के दौरान भगवान शिव के जीवन और दर्शन पर गहन चर्चा की, बल्कि स्वयं भी कई भक्ति गीत गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भुरकुंडा गांव के ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा और शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *