टीकापटी पुलिस ने मक्का लूटकांड के फरार आरोपितों के घर चिपकाए इस्तेहार, आत्मसर्पण का दिया अल्टीमेटम

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: जून माह में हुई मक्का लूटकांड के फरार आरोपितों के खिलाफ टीकापटी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धूसर गांव के फरार आरोपित अमन कुमार और मंजीत कुमार के घर पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ इस्तेहार चिपकाकर चेतावनी दी है कि वे जल्द आत्मसर्पण करें, अन्यथा उनकी संपत्ति कुर्की और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला 11 जून की रात का है, जब टीकापटी थाना क्षेत्र के गरीबघाट स्थित पेट्रोल पंप के पास से 213 बोरा मक्का लदी ट्रेक्टर को चालक सहित सशस्त्र अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। चालक को श्रीमाता बहियार के केला खेत में बांधकर रखा गया था, लेकिन वह किसी तरह बच गया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कांड संख्या 86/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मक्का बरामदगी में जुट गई और गुप्त सूचना के आधार पर अगले दिन तेलडीहा गांव के रामचंद्र यादव के बथान से मक्का बरामद किया।

इस मामले में कुल एक दर्जन से अधिक लोगों को आरोपित किया गया है, जिनमें धूसर गांव के गुरूदेव कुमार, मंजीत कुमार, अमन कुमार सहित अन्य शामिल हैं। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने फरार आरोपितों के स्वजनों को चेताया कि कानून की नजर से कोई भी छुप नहीं सकता, इसलिए आरोपी स्वयं आत्मसर्पण करें। इस दौरान एसआई कृष्ण कुमार सिंह, एसआई प्रीतम कुमार और अन्य पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे और अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *