कड़ाके की ठंड में भी भवानीपुर बेहाल, अलाव की व्यवस्था न होने से लोग ठिठुरने को मजबूर

पूर्णिया, आनंद यादुका : भीषण ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद भवानीपुर में अब तक अलाव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। सरकारी स्तर पर अलाव नहीं जलाए जाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और लोग सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से कांपते नजर आ रहे हैं। भवानीपुर नगर पंचायत के प्रमुख स्थानों बस स्टैंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अंचल सह प्रखंड कार्यालय, सभी मुख्य चौराहों सहित महादलित टोलों में अलाव नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और राहगीरों को झेलनी पड़ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर इतना अधिक है कि लोग खुले स्थानों पर खड़े होने में भी असहज महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड से बचाव के लिए अलाव एकमात्र सहारा होता है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन से अविलंब अलाव जलाने की मांग की है, ताकि ठंड से कुछ राहत मिल सके। इस संबंध में भवानीपुर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सावन कुमार ने बताया कि अभी तक जिलाधिकारी की ओर से अलाव जलाने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही जिलाधिकारी से निर्देश मिलेगा, नगर पंचायत क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों एवं जरूरतमंद इलाकों में अलाव की व्यवस्था तत्काल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *