मुजफ्फरपुर : नीतीश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के गणित विभाग में भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र–छात्राओं को रामानुजन के जीवन, संघर्ष और गणित के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर गणित विभाग के छात्र–छात्राओं ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन प्रसंगों और उनके द्वारा गणित विषय में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणित विभाग के विभागाध्यक्ष श्री किसलय किशोर ने कहा कि रामानुजन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। अत्यंत सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने मात्र 32 वर्ष के छोटे से जीवन में गणित के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण प्रमेय प्रस्तुत किए और विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि आज रामानुजन के कार्यों पर न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में शोध हो रहे हैं और उनके जन्मदिवस पर सेमिनार, सम्मेलन एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान गणित विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. सावित्री कुमारी, उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष सह महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कामरान गनी, सह परीक्षा नियंत्रक शशि कुमार तथा अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राम प्रवेश ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने छात्र–छात्राओं से रामानुजन के जीवन से प्रेरणा लेकर अध्ययन और शोध के प्रति समर्पित होने का आह्वान किया। इस अवसर पर सेमेस्टर–1 की छात्रा अनुष्का कुमारी, छात्र गौरव कुमार तथा सेमेस्टर–3 के छात्र कृष्ण मुरारी ने श्रीनिवास रामानुजन के जीवन और उनके गणितीय योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में गणित विभाग के छात्र–छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक भी उपस्थित रहे। आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।



