प्रिंस कुमार, अररिया: अररिया जिले के फारबिसगंज की बेटी डॉ. विरोनिका अग्रवाल ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज (DMCH) की नेत्र विज्ञान (MS) परीक्षा में पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर जिले और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से शहर में हर्ष और गर्व का माहौल है। वर्तमान में डीएमसीएच में नेत्र चिकित्सक के रूप में कार्यरत डॉ. विरोनिका को आगामी 23 फरवरी को आयोजित दीक्षांत समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के हाथों गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
विरोनिका अग्रवाल फारबिसगंज के वार्ड संख्या 17 निवासी हैं और स्व. जयनारायण भूपाल एवं स्व. तारा देवी भूपाल की पौत्री, तथा आलोक और कविता अग्रवाल की पुत्री हैं। उनके माता-पिता ने बताया कि विरोनिका बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं। उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री भागलपुर मेडिकल कॉलेज से हासिल की और डीएमसीएच से नेत्र विज्ञान में एमएस किया।
उनकी सफलता की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शहर के गणमान्य नागरिकों और परिवारजन उनकी ओर बधाई देने पहुंचे। सांसद प्रदीप कुमार सिंह और विधायक मनोज विश्वास ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके अलावा पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, पार्षद मनोज सिंह और मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी खटोड़ ने भी डॉ. विरोनिका को बधाई दी। इस अवसर पर सांवरमल अग्रवाल, कमल भूपाल, पंकज अग्रवाल, भाई अमर अग्रवाल, डॉ. अजय कुमार सिंह और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।



