ARARIA NEWS प्रिंस(अन्ना राय) : दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया अनिल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।आपसी भाईचारा और सद्भावना का संदेश:जिला पदाधिकारी (डीएम) अनिल कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों, जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे दीपावली एवं छठ महापर्व को आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पर्व का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, एकता एवं सद्भावना को बढ़ावा देना है।आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन:डीएम ने दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ बैनर-पोस्टर या धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।शराबबंदी और विधि व्यवस्था पर कड़ा रुख:बैठक में शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया और अवैध शराब की बिक्री या सेवन पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई। पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल की गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए गए।छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान:छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, गहरे घाटों की पहचान, आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग, गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर परिषद एवं पंचायत प्रतिनिधियों को सफाई अभियान चलाने और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उचित प्रबंध करने को कहा गया।पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश:संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतेंगे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे दीपावली एवं छठ महापर्व शांति, सद्भाव और स्वच्छता के साथ मनाएं। Post navigationBihar Election 2025: नरपतगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी देवंती यादव ने दाखिल किया नामांकन ARARIA NEWS : फारबिसगंज स्टेशन पर यात्रियों की प्यास बुझाने वाला निःशुल्क वॉटर चिलर तोड़ा गया, रेलवे ने दी जांच की आश्वासन