रामलाल सिंह यादव की 30वीं पुण्यतिथि पर दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

पूर्णिया, आनंद यादुका : आरएल कॉलेज माधव नगर परिसर में बुधवार को महाविद्यालय के संस्थापक सह स्वतंत्रता सेनानी रामलाल सिंह यादव की 30वीं पुण्यतिथि भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्मारक पर उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रुपौली विधानसभा के विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुहम्मद कमाल, संस्थापक के कनिष्ठ पुत्र डॉ. शिवनारायण सिंह यादव एवं पौत्र संजय कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर विधायक कलाधर मंडल ने कहा कि रामलाल सिंह यादव का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना कर शिक्षा की अलख जगाई। यह उनका सौभाग्य है कि वे स्वयं इस महाविद्यालय के छात्र रहे हैं और आज उनके पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अनेक छात्र-छात्राएं यहां से शिक्षा प्राप्त कर आज उच्च पदों पर कार्यरत हैं। संस्थापक द्वारा अपनी बहुमूल्य भूमि महाविद्यालय के नाम दान करना उनके त्याग और दूरदर्शिता का परिचायक है। डॉ. शिवनारायण सिंह यादव ने कहा कि उस दौर में यह धमदाहा अनुमंडल का एकमात्र महाविद्यालय था, जहां धमदाहा, बीकोठी, भवानीपुर और रुपौली प्रखंड के छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने आते थे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के विकास और विस्तार में धमदाहा के पूर्व विधायक सह संस्थापक पुत्र सूर्य नारायण सिंह यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी निष्ठा और समर्पण से महाविद्यालय नई ऊंचाइयों तक पहुंचा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *