पूर्णिया: सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव द्वारा जीएमसीएच पूर्णिया की दयनीय स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सक कमी को लेकर केंद्र को लिखे गए पत्र पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने संज्ञान लिया है। मंत्री ने संबंधित प्रभाग से परीक्षण कराने की जानकारी दी है और अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी, अधूरी स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की स्थिति की गहन समीक्षा करने का आश्वासन दिया है।
नवंबर 2025 में सांसद ने ज्ञापन में बताया था कि सीमांचल क्षेत्र का यह प्रमुख तृतीयक स्वास्थ्य संस्थान प्रतिदिन 3,000 से अधिक मरीजों को सेवाएं देता है, लेकिन 200 डॉक्टरों की आवश्यकता के बावजूद केवल 40 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। साथ ही NCC कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा अस्पताल की लिफ्टें बंद करने और कुछ वार्डों को सील करने से गंभीर मरीजों का इलाज बाधित हो रहा है। सांसद ने केंद्र से विशेषज्ञ डॉक्टरों की त्वरित तैनाती, रुके निर्माण कार्यों के लिए फंड जारी करना, बंद लिफ्ट और वार्ड खोलवाना, दोषी कंपनी/अधिकारियों पर कार्रवाई तथा फंड विवाद का समाधान करने की मांग की थी।
सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि लाखों मरीजों की परेशानी का शीघ्र समाधान होगा।



