PURNIA NEWS: शादीपुर भुतहा में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन, मौके पर मिला योजनाओं का सीधा लाभ

पूर्णिया: PURNIA NEWS पंचायत शादीपुर भुतहा स्थित करबला मैदान में 07 जनवरी 2026 को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली और पूरा मैदान लोगों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार द्वारा अनुकम्पा के आधार पर चयनित 11 नवनियुक्त चौकीदारों और 05 डीलरों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 03 लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपी गई।

इसके अलावा मनरेगा के अंतर्गत 05 लाभुकों को जॉब कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम के 04 प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण-पत्र तथा 08 पात्र परिवारों को राशन कार्ड वितरित किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर मौके पर ही कई आवेदनों का निष्पादन किया गया और अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान सड़क की जर्जर स्थिति की मांग पर जिला पदाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू कराने की घोषणा की, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, डीडीआरडीए निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड प्रमुख और पंचायत मुखिया मौजूद रहे, जबकि ग्रामीणों ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम को प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने वाला बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *