अमौर में भीषण आग से 6 परिवार के घर जलकर राख, लाखों का नुकसान

पूर्णिया, विमल किशोर: अमर थाना क्षेत्र के आमगाछी पंचायत वार्ड नंबर 9, गड़हरा गांव में बीती रात करीब 10:25 बजे अचानक लगी आग ने 6 परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट कर दिए। प्रभावित परिवारों के अनुसार इस घटना में लगभग 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई, जिसमें घर का अनाज, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, नगद, जेवर और जमीन के कागजात शामिल हैं। पीड़ितों में नुजहत, फातमा, बानो, जहानों, आदिल और आबिद के घर भी प्रभावित हुए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ भी बचाया नहीं जा सका।

स्थानीय लोगों और अमौर थाना से आई दमकल गाड़ी की मदद से आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। घटना स्थल पर मुखिया मो. सनव्वर आलम, सरपंच अनीस रहमान, वार्ड सदस्य अकबर और राजस्व अधिकारी कृष्ण मोहन राय सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि ठंड के इस मौसम में आग की यह घटना पीड़ित परिवारों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हुई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड में केवल एक छोटी दमकल गाड़ी होने और उसकी खराबी की ओर ध्यान दिलाते हुए बड़े दमकल वाहन की मांग की।

राजस्व अधिकारियों ने तत्काल राहत के तौर पर प्लास्टिक, कंबल और अन्य सहायता मुहैया कराई, जबकि सरकारी अनुदान राशि के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पीड़ित परिवारों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *