डगरूआ प्रखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने की पहल, प्रशासन ने तैयार की ठोस कार्ययोजना

PURNIA NEWS : पूर्णिया के जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार के निर्देश पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को डगरूआ प्रखंड में समन्वयक बैठक सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिवक्ताओं, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों और संबंधित जिला समन्वयकों ने भाग लिया। बैठक में डगरूआ प्रखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए व्यावहारिक रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा की गई, जिसमें विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बाल विवाह, बाल संरक्षण, पॉक्सो कानून और बाल अधिकारों की जानकारी देने, प्रखंड, पंचायत और वार्ड स्तर की समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा समुदाय को गेटकीपिंग सिस्टम के रूप में सक्रिय करने पर सहमति बनी।

इसके साथ ही बाल विवाह की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाने और बाल विवाह की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को तुरंत अवगत कराने का निर्णय लिया गया, ताकि समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप संभव हो सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे समन्वित प्रयासों के माध्यम से डगरूआ प्रखंड सहित पूरे पूर्णिया जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *