भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी नाकाम; 39 बोतल कोरेक्स के साथ युवक गिरफ्तार

प्रिंस कुमार, अररिया: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी की विशेष गश्ती टीम ने शनिवार को भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ एक तस्कर को दबोचा।

सीमा स्तंभ 179/02 के समीप हुई कार्रवाई
एसएसबी की जोगबनी ‘ई’ समवाय की टीम सीमावर्ती इलाकों में गश्त पर थी। इसी दौरान मीरगंज के समीप भारतीय क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 179/02 से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। जब बाइक की सघन तलाशी ली गई, तो उसके पास से 39 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुई।एसएसबी ने कफ सिरप के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक और एक मोबाइल फोन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

सोनापुर का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
पकड़े गए आरोपी की पहचान जोगबनी थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी मो. रविश (17 वर्ष), पिता मो. रईस के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि वह इन प्रतिबंधित दवाओं को सीमा पार तस्करी करने की फिराक में था।

कागजी कार्यवाही के बाद थाना सुपुर्द
एसएसबी द्वारा सभी आवश्यक कानूनी और कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद, शनिवार को जब्त सामान और गिरफ्तार युवक को जोगबनी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *