प्रिंस कुमार, अररिया: अररिया में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय में आयोजित जिला स्तरीय नार्को कोआर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की बैठक में उन्होंने नशा मुक्त जिला बनाने के संकल्प को दोहराया और सभी संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ाने, पेट्रोलिंग सुदृढ़ करने और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने का निर्देश एसएसबी, पुलिस और मद्य निषेध विभाग को दिया। नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए औषधि निरीक्षक को थोक और खुदरा दवा विक्रेताओं की नियमित जांच करने और जिला कृषि पदाधिकारी को बाजारों में लहसुन व सेब के स्टॉक का निरीक्षण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही पंचायती राज विभाग के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और अवैध खेती रोकने की जिम्मेदारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा, “नशे के अवैध कारोबार पर किसी भी स्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी। सभी विभाग टीम भावना से काम करें और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें।” बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, एसएसबी के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, औषधि निरीक्षक, विशेष शाखा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।