पूर्णिया: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव रविवार शाम धमदाहा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव पहुंचे और बीते दिनों हत्या के शिकार हुए राहुल कुमार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर सांसद ने मृतक के परिवार को गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपने निजी कोष से आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए वे वरीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर ठोस पहल करेंगे। मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और न्याय की मांग की, जिसे गंभीरता से सुनते हुए सांसद ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि फुलवरिया निवासी योगेंद्र मंडल के पुत्र राहुल कुमार को कुछ दिन पूर्व बीकोठी थाना क्षेत्र के पटराहा बेलदारी टोला में गोली मारकर निर्मम हत्या की गई थी।
राहुल कुमार सरवन महतो की मेडिकल दुकान पर डॉक्टरी का प्रशिक्षण ले रहा था। परिवार ने सरवन महतो, उसके दो भाइयों और पुत्रों पर हत्या का आरोप लगाया है। सांसद पप्पू यादव का फुलवरिया पहुंचना पीड़ित परिवार के लिए संबल बन गया और ग्रामीणों में न्याय की उम्मीद जगाने का काम किया।



