अंग इंडिया संवाददाता :पूर्णिया। जिला के डगरुआ में युवती के साथ हुई अमानवीय गैंगरेप की घटना को लेकर विधायक विजय खेमका ने कड़ा रुख अपनाया है। विधायक ने पुलिस कप्तान स्वीटी सेरावत से फरार और संलिप्त अपराधियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, उनके घरों की कुर्की-जब्ती करने तथा मामले में स्पीड ट्रायल चलाकर कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है।
विधायक विजय खेमका ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कानून का शासन है और अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस कप्तान से अपराध नियंत्रण के लिए और अधिक आक्रामक, सतर्क एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही डे-नाइट गश्त, खुफिया सूचना तंत्र और त्वरित कार्रवाई को और मजबूत करने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि पूर्णिया डीआईजी के पदभार ग्रहण करने के बाद अपराध के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधी की कोई जाति या समुदाय नहीं होता, लेकिन यदि किसी संगठित गिरोह या नेटवर्क की संलिप्तता सामने आती है, तो उसे चिन्हित कर जड़ से समाप्त करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विधायक विजय खेमका ने भरोसा दिलाया कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलेगा और दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या निष्क्रियता पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



