नम आंखों से युवा अधिवक्ता स्व० मुस्कान को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि

With moist eyes, a heartfelt tribute was paid to the young advocate late Muskan.

विधि संवाददाता पूर्णिया/

जिला अधिवक्ता संघ पूर्णिया के युवा अधिवक्ता सदस्य स्व० मुस्कान को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन 20 जनवरी 2026 को संध्या 06:30 बजे गुड़गांव के एक अस्पताल में ईलाज के दौरान हो गया था। बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ के तमाम अधिवक्ताओं ने दिवंगत युवा अधिवक्ता के सम्मान में शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए अपने-आप को न्यायिक कार्यों से अलग रखा।

संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में दिन के 01:30 बजे संघ के प्रशाल में एक शोक-सभा का आयोजन कर दिवंगत स्व० मुस्कान के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस मौके पर संघ के सचिव सुमन जी प्रकाश एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण उपस्थित थे। वरीय अधिवक्ता जे० एन० अंबष्ट ने इस मौके पर अपने जूनियर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह काफी प्रतिभावान थी, अल्पायु में उसका जाना हृदयविदारक एवं अपूरणीय क्षति है।

अध्यक्ष महोदय ने स्व० मुस्कान के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2025 में अपने संघ की सदस्यता ग्रहण की थी। वह काफी विनम्र एवं मिलनसार स्वभाव की थी। लगभग 28 वर्ष कीअल्पायु में वह हम सब को छोड़ कर चली गई। अपने पीछे वह पति प्रभात कुमार को, जो न्यायिक पदाधिकारी हैं, बेगुसराय में एवं पिता अजय कुमार शर्मा को छोड़ गई है।

संध्या 4.00 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायिक कक्ष में भी एक संयुक्त शोक-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता गण शामिल हुए तथा 2 मिनट का मौन रखकर युवा अधिवक्ता स्व० मुस्कान के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।