पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड अंतर्गत परमान नदी के रसैली घाट पर वर्षों से अधूरा पड़े पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरबट्टा पंचायत सहित आसपास की करीब दस पंचायतों के लोगों के लिए यह पुल आवागमन का एकमात्र साधन बन सकता है, लेकिन निर्माण अधूरा रहने के कारण आज भी उन्हें जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करनी पड़ती है।
खासकर बीमार मरीजों को इलाज के लिए लगभग 60 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे कई बार अनहोनी की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में नाव पलटने की घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है। इस गंभीर समस्या को लेकर मुखिया संघ अध्यक्ष सह बरबट्टा पंचायत के मुखिया गुलाम अजहर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द से जल्द पुल निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।



