पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: नगर पंचायत रूपौली स्थित मां काली मंदिर के प्रांगण में आयोजित बैठक में स्वयंसेवी संगठन के नगर संचालक प्रमोद पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन हिंदुत्व की विचारधारा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करता है। इस बैठक में जिला संपर्क प्रमुख अनुज कुमार भी मौजूद रहे।
पाण्डेय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की मुख्य विशेषताओं और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संघ का प्रमुख लक्ष्य हिंदू समाज को संगठित करना, चरित्र निर्माण करना और भारत को सशक्त, समृद्ध तथा वैभवशाली राष्ट्र बनाना है। उन्होंने बताया कि संघ ने अपनी शताब्दी वर्ष के अवसर पर सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य जैसे पंच परिवर्तन के माध्यम से नए भारत का निर्माण करने का संकल्प लिया है।
बैठक में उपस्थित लोगों की आम सहमति से निर्णय लिया गया कि 8 फरवरी 2026 को टीकापट्टी उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में भव्य हिंदू सनातन संगम आयोजित किया जाएगा, जिसमें टीकापट्टी थाना क्षेत्र की सभी सात पंचायतों के प्रबुद्धजन और सभी विचारधारा के लोग शामिल होंगे।



