प्रिंस कुमार, अररिया: आगामी चुनावी प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को अररिया के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद दूहन (IAS) और पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार (IPS) ने इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग, रख-रखाव और भवन संरचना की गहन जांच की। विशेष रूप से अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा पर जोर दिया गया, जिसमें अग्निशमन अधिकारी और कार्यपालक अभियंता (विद्युत एवं भवन) को नियमित जांच और ऑडिट के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण प्रक्रिया में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. राम बाबू कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



