प्रिंस कुमार, अररिया: बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिले के सिकटी प्रखंड अंतर्गत डुमरिया पंचायत में भव्य ‘प्रशासन आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उ0म0वि0 कबीर कुट्टी टोला (सुन्दरी) के प्रांगण में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन द्वारा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन ने कहा कि ‘प्रशासन आपके द्वार’ का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर सिकटी विधायक श्री विजय कुमार मंडल भी मौजूद रहे। उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होती है। उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं की ओर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया और विकास कार्यों में तेजी लाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, कल्याण और आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।



