मुंबई: मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े नामों और बड़े मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति विवेक कुमार उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान को आरोपी बनाया गया है। पंतनगर पुलिस ने कस्टम क्लियरेंस कारोबारी हितेश कांतिलाल अजमेरा की शिकायत पर 11.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में मजबूत पकड़ वाला बताते हुए अंधेरी इलाके में फिल्म स्टूडियो और कलाकारों के ट्रेनिंग सेंटर का दावा किया और बड़े प्रोजेक्ट्स व शोहरत का सपना दिखाकर निवेश के लिए तैयार किया। आरोप है कि पीड़ित को 200 करोड़ रुपये के ब्याज-मुक्त लोन का लालच दिया गया और भरोसा दिलाया गया कि कुछ ही दिनों में रकम कई गुना होकर लौटेगी। इतना ही नहीं, विवेक कुमार ने बिहार के बेतिया में एक गोदाम में 300 करोड़ रुपये नकद होने की कहानी सुनाकर कहा कि कानूनी अड़चनों के कारण पैसा फंसा है और उसे निकालने के लिए तत्काल निवेश जरूरी है, जिसके बदले चार दिन में 200 करोड़ लौटाने का वादा किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी ने खुद इस डील को सुरक्षित बताते हुए भरोसा दिलाया, जिसके बाद अलग-अलग किश्तों में 11.50 करोड़ रुपये दिए गए।
करोड़ों का ट्रांजैक्शन
मार्च से जुलाई 2024 के बीच, हितेश कांतिलाल अजमेरा से 11.50 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। आरोपियों ने भरोसा बनाए रखने के लिए पीड़ित को पटना ले जाकर कथित गोदाम से जुड़े कुछ दस्तावेज भी दिखाए और बेतिया ले जाने की योजना बनाई, ताकि नकद रकम दिखाने का दावा किया जा सके।
रास्ते में गायब हुआ आरोपी
5 जुलाई 2024 को बेतिया जाते वक्त विवेक कुमार मिठाई लेने के बहाने गाड़ी से उतरे और फिर वापस नहीं आए। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शुरुआत में कुछ दिनों तक आरोपी टालमटोल करते रहे, लेकिन बाद में सभी का संपर्क पूरी तरह टूट गया। पीड़ित का कहना है कि भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिस वजह से तुरंत पुलिस में शिकायत नहीं कर पाए। बाद में हालात संभलने पर 28 जनवरी 2026 को पंतनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



