बजट 2026-27 पर नीतीश कुमार की मुहर, बोले– ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूती देने वाला बजट, बिहार को होंगे कई ठोस फायदे

पटना: केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुलकर समर्थन जताया है और इसे सकारात्मक, प्रगतिशील व भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है और इससे देश के साथ-साथ बिहार को भी व्यापक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट में विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं, जो आने वाले वर्षों में रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देंगे।

नीतीश कुमार ने विशेष रूप से सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को बिहार के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही 20 नए राष्ट्रीय जलमार्गों के निर्माण की घोषणा को भी उन्होंने राज्य के लिए उपयोगी बताया। पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाएं विकसित होने से जल परिवहन को मजबूती मिलेगी और बिहार के उत्पादों के निर्यात में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के सपोर्ट जैसे प्रावधान रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे बिहार सहित देशभर के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष फोकस को भी बिहार के लिए फायदेमंद बताया, जिससे राज्य में औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

शहरी विकास और सामाजिक क्षेत्र को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बजट की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहरों के विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई रफ्तार मिलेगी, वहीं सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा से लड़कियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। अंत में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट देश के समग्र विकास के साथ-साथ बिहार की प्रगति के लिए भी एक मजबूत आधार तैयार करता है।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon