विधि संवाददाता, पूर्णिया: जिला अधिवक्ता संघ पूर्णिया के पूर्व सदस्य अधिवक्ता स्व० राजीव कुमार झा को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन 31 जनवरी 2026 को रात्री 11:30 बजे हृदय गति रुक जाने के कारण हो गया था। सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ के तमाम अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता के सम्मान में शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए अपने-आप को न्यायिक कार्यों से अलग रखा। संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में दिन के 01:30 बजे संघ के प्रशाल में एक शोक-सभा का आयोजन कर दिवंगत स्व० राजीव कुमार झा के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
इस मौके पर संघ के सचिव सुमन जी प्रकाश एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण उपस्थित थे। अध्यक्ष महोदय ने स्व० राजीव कुमार झा के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2005 में अपने संघ की सदस्यता ग्रहण की थी। वह काफी विनम्र एवं मिलनसार स्वभाव के थे। लगभग 51 वर्ष की अवस्था में हृदय गति रुक जाने से उनका आकस्मिक निधन हो गया। अपने पीछे विधवा पत्नी सारिका झा जो की गृहणी है एवं एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
दोनों ही अभी कॉलेज के छात्र हैं। संध्या 4.00 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायिक कक्ष में भी एक संयुक्त शोक-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता गण शामिल हुए तथा 2 मिनट का मौन रखकर युवा अधिवक्ता स्व० राजीव कुमार झा के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।




