पूर्णिया: कांग्रेस ने केंद्रीय बजट 2026 को आम जनता, किसान और श्रमिक वर्ग की उपेक्षा का दस्तावेज़ करार दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता जवाहर किशोर उर्फ रिंकू यादव ने कहा कि बजट में महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने या किसानों के लिए बहुप्रचारित किसान सहायता निधि में वृद्धि करने जैसी कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि यह बजट रोजगार सृजन, मजदूरी बढ़ोतरी और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों में पूरी तरह विफल है और केवल कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का साधन बन गया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार हर बार की तरह ‘सर्वांगीण विकास’ का ढोल पीटकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि आम नागरिक और मध्यम वर्ग इससे वास्तविक लाभ नहीं उठा पाएंगे।
जवाहर किशोर ने स्पष्ट किया कि जनता अब जुमलों से नहीं, ठोस राहत और ईमानदार नीतियों से जवाब चाहती है और यह बजट आम जनमानस की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।



