PURNIA NEWS : एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, विकास और एकजुटता का दिखा जज़्बा

PURNIA NEWS, विमल किशोर ; अमौर प्रखंड क्षेत्र के हलालपुर चौक में रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन जोरदार तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक सबा जफर ने किया, जबकि जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमलेश विश्वास ने अध्यक्षता की और संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश विश्वास ने संभाला। सम्मेलन में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए चौमुखी विकास का विस्तृत ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि साइकिल योजना, पोशाक योजना, महिला आरक्षण और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं ने महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान से जोड़ा है। केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों पर जोर देते हुए कहा कि बिहार आज गांव-गांव में चौड़ी और पक्की सड़कों से जुड़ चुका है।

पूर्व विधायक सबा जफर ने कहा कि 2005 से पहले बिहार भय और अराजकता का पर्याय था, लेकिन एनडीए सरकार ने इसे विकास और शांति का गढ़ बना दिया। लोजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रानी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बताया, वहीं रालोसपा के प्रदेश नेता और पूर्व मंत्री वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनाव में जनता इसे पुनः भारी बहुमत से जिताने के लिए तैयार है। सम्मेलन में विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार, सांसद सुनील कुमार, लोजपा राष्ट्रीय महासचिव फ़जले इमाम मालिक, हम के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन और भाजपा-जदयू-लोजपा-रालोसपा के कई वरिष्ठ नेता एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में एनडीए की ताकत और संगठन की मजबूती साफ झलक रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *