पूर्णिया: देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत एक प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएँ पूरी वर्दी में फिल्म ‘बॉर्डर-2’ देखने के लिए रूपवाणी सिनेमा हॉल पहुँचे। सुबह 9:30 बजे शुरू हुई यह फिल्म दोपहर 1 बजे समाप्त हुई। पूर्णिया के सुप्रसिद्ध एवं एकमात्र रूपवाणी सिनेमा हॉल में लगी इस फिल्म को देखने के लिए लगभग 50 छात्र-छात्राएँ पहुँचे। सभी बच्चे ढोल-बाजे के साथ परेड करते हुए और “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए सिनेमा हॉल पहुँचे।
बच्चों के इस राष्ट्रभक्तिपूर्ण मार्च ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया। रास्ते भर लोग यह दृश्य देखकर आश्चर्यचकित थे कि आखिर ये बच्चे कहाँ जा रहे हैं। जब लोगों को पता चला कि सभी बच्चे देशभक्ति से प्रेरित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ देखने जा रहे हैं, तो उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद दिया और कहा—“पहले देश, उसके बाद सब कुछ।” कई लोगों ने बच्चों के इस जज्बे को सलाम किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस विशेष अवसर पर विद्या विहार के अध्यक्ष राजेश मिश्रा, श्रीराम सेवा संघ के राणा प्रताप सिंह, मुरारी सिंह, तौफीक आलम, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज सिंह, राहुल राज, रूपवाणी सिनेमा के निदेशक विशेक चौहान, खेल विभाग से जुड़े मनोज सिंह, जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा, शारीरिक शिक्षक बृजेश कुमार सहित एनसीसी के शिक्षक समूह उपस्थित थे। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने बच्चों की देशभक्ति भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। बच्चों का यह उत्साह यह संदेश देता है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।



