पूर्णिया: मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार कॉलोनी में 27 जनवरी को सूरज कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पूर्णिया पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
साथ ही STF पूर्णिया के सहयोग से विशाल कुमार (20 वर्ष), निवासी बंगाली टोला लालगंज, थाना मरंगा को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसे संबंधित कांड में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार लगातार छापेमारी के बावजूद कांड के अन्य अभियुक्त फरार चल रहे थे, जिसके बाद आज 3 फरवरी को सभी फरार अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय से कूर्की का आदेश प्राप्त कर लिया गया है। फरार अभियुक्तों में ब्रजेश सिंह, राज सिंह उर्फ नंदू सिंह, स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर, आदित्य ठाकुर, अमन सिंह, रजनीश सिंह तथा एयशु सिंह उर्फ अंशु सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शीघ्र ही अभियुक्तों के घर कूर्की की कार्रवाई पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। पूर्णिया पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



