फारबिसगंज सदर रोड निर्माण में लापरवाही का आरोप, डीएम से शिकायत

अररिया, प्रिंस कुमार: फारबिसगंज शहर की प्रमुख सड़क सदर रोड के निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है, जिसको लेकर स्थानीय निवासी प्रमोद पांडिया ने जिलाधिकारी अररिया से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत में बताया कि सड़क निर्माण स्थल पर न तो कोई सूचना या चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत के अनुसार एम्बुलेंस, स्कूली वाहनों और दैनिक यात्रियों को जाम और अव्यवस्था से गुजरना पड़ रहा है, जबकि रात के समय खुले गड्ढे और बिखरे पत्थर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं। प्रमोद पांडिया ने प्रशासन को वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, जिनमें निर्माण एजेंसी की कथित लापरवाही स्पष्ट दिखाई देती है।

उन्होंने निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा उपाय, डायवर्जन, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि सुरक्षित और सुव्यवस्थित फारबिसगंज के लिए प्रशासन और कार्यदायी एजेंसी की जवाबदेही जरूरी है।

Categories: