जवाहर विकास भवन में ऋण कैंप, पात्र लाभुकों को मिली त्वरित स्वीकृति

Loan camp organised at Jawahar Vikas Bhawan, eligible beneficiaries got quick approval

सहरसा | अजय कुमार
जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जवाहर विकास भवन में उद्योग विभाग से संबंधित योजनाओं पीएमएफएमई एवं पीएमईजीपी के अंतर्गत ऋण स्वीकृति व वितरण को लेकर ऋण कैंप का आयोजन किया गया।

कैंप का उद्देश्य सुयोग्य पात्र आवेदकों को त्वरित रूप से ऋण उपलब्ध कराकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना था। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने बताया कि पीएमएफएमई योजना के तहत विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया की गई, वहीं पीएमईजीपी योजना में भी कई आवेदनों को स्वीकृति व भुगतान प्रदान किया गया।

कैंप के दौरान कुल पीएमएफएमई में 36.31 लाख रुपये की स्वीकृति तथा 22 लाख रुपये का भुगतान, जबकि पीएमईजीपी में 53.77 लाख रुपये की स्वीकृति एवं 16.17 लाख रुपये का भुगतान किया गया। जिलाधिकारी ने बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र आवेदकों के ऋण मामलों में अनावश्यक अड़चनें न डालें और शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करें, ताकि जिले के युवक-युवतियां आत्मनिर्भर बन सकें और जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिले। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं लाभुक उपस्थित रहे।